रुड़की में दिनदहाड़े चाकू लेकर घर में घुसा बदमाश

रुड़की। चाकू के दम पर बदमाश ने मां-बेटी को घर में घुसकर बंधक बना लिया। आतंकित कर अलमारी की चाबी और जेवरात मांगे। विरोध करने पर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर-शराबा होने पर क्षेत्रवासियों ने घर में घुसे बदमाश को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के हरीश कुमार, निवासी शक्ति विहार सोमवार को काम के लिए हरिद्वार गए थे। पत्नी पिंकी और सास ओमवती घर पर अकेली थी। दोपहर साढ़े तीन बजे के आसपास एक युवक बातचीत करने के बहाने घर में घुसा। घर में घुसकर युवक ने चाकू निकाल लिया और मां-बेटी को चाकू के दम पर बंधक बना लिया। अलमारी की चाबी, जेवरात और नकदी के बारे में पूछा। विरोध करने पर दोनों को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस बीच किसी तरह शोर-शराबा होने पर क्षेत्रवासी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह बल प्रयोग कर बदमाश को धर दबोचा और पुलिस को सौंप दिया। सूचना पाकर हरीश भी घर पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर ऐश्वर्य पाल ने बताया कि गौरव कुमार, निवासी अककर्रा रसूलपुर ददरौला शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *