जीएसटी सर्वे के नाम पर सहन नहीं होगा व्यापारियों का उत्पीड़न: सौरभ शर्मा
रुड़की। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने जीएसटी सर्वे का विरोध किया है। जिलाध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि जीएसटी संग्रह बढ़ाने के नाम पर जीएसटी विभाग व्यापारियों का उत्पीड़न करना चाहता है। अगर छापेमारी या सर्वे बंद नहीं किया तो व्यापार मंडल बहुत जल्द व्यापारियों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगा। जीएसटी विभाग का कहना है कि कई व्यापारी शून्य लेनदेन दिखा रहे हैं। इसलिए सर्वे किया जा रहा है। रुड़की में पत्रकार वार्ता में प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि सर्वे के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न सहन नहीं होगा। जिला महामंत्री विश्वतोष सिंह ने कहा कि संगठन पदाधिकारियों ने कई बार जीएसटी विभाग में जाकर अधिकारियों से वार्ता की। कहा किसी से कोई दिक्कत है उसके लिए कार्यालय में व्यवस्था करें । व्यापारी वहीं आकर अधिकारियों से मिलेगा और जो जानकारी अधिकारी चाहते हैं वह दी जाएगी। जिला कोषाध्यक्ष विभोर अग्रवाल ने कहा कि संगठन सर्वे का विरोध इसलिए कर रहा है कि व्यापारी भयभीत हैं। व्यापारियों में भय का वातावरण बना हुआ है। तीन-तीन, चार-चार घंटे अधिकारी व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर बैठकर गहनता से जांच कर रहे हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद गोयल ने कहा कि संगठन की प्रदेश स्तर पर वार्ता हुई है और एक निर्णय लिया गया है कि व्यापार मंडल पदाधिकारी व्यापारियों के साथ सर्वे का विरोध करेंगे। सर्वे के विरोध में आंदोलन किया जाएगा।
