कैदी की मौत पर जेल कर्मियों समेत दो अन्य पर मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी। हल्द्वानी उप कारागार में बंद कैदी की मौत के मामले पुलिस ने काशीपुर निवासी देवर-भाभी और अज्ञात जेलकर्मियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के बेटे की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई है। हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार काशीपुर के पंजाबी सराय निवासी मोहम्मद अय्यूब (55) को चेक बाउंस मामले में कोर्ट ने नौ माह की सजा सुनाई थी। चार जून को मोहम्मद अय्यूब को जेल में लाया गया था। यहां पर 21 जून को अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया, जहां उसी रात उनकी मौत हो गई। इसके बाद अय्यूब के बेटे मुलनाज परवीन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पिता ने किसी के माध्यम से सूचना भेजी थी कि उन्हें जेल में प्रताड़ित किया जा रहा है और उनका इलाज भी नहीं कराया जा रहा है। परिजन 19 जून को मोहम्मद अय्यूब से मिलने आए तो उन्हें व्हील चेयर पर लाया गया, वह बोल नहीं पा रहे थे और उनके पैरो में सूजन थी।
बेटे ने पुलिस को बताया कि खुशाल अरोड़ा निवासी मोहम्मद कानूनगोयान काशीपुर की शिकायात पर उसके पिता को जेल हुई थी। आरोप है कि इसके बाद से खुशाल अरोड़ा और उसकी भाभी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे थे। मुलनाज परवीन का आरोप है कि खुशाल अरोड़ा व उसकी भाभी ने हल्द्वानी उप कारागार के कर्मचारियों के साथ मिलकर षड्यंत्र के तहत उसके पिता को मारा है। कोतवाल हरेन्द्र चौधरी ने बताया मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *