बारिश ने खोली नगर पंचायत के दावों की पोल

विकासनगर। बुधवार को करीब डेढ़ घंटे तक हुई बारिश से सेलाकुई के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव हो गया। बारिश ने नगर पंचायत सेलाकुई के जल निकासी के दावों की पोल खोलकर रख दी। जलभराव की निकासी करने के लिए नगर पंचायत के पास संसाधन नहीं होने के चतले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे से लेकर ग्यारह बजे तक सेलाकुई और उसके आसपास जमकर बारिश हुई। इस दौरान कई जगह जलभराव होने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गईं। आने जाने वाले रास्तों से लेकर गली मोहल्लों में जलभराव हो गया। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जमनपुर में आईटीआई के समीप, शनि मंदिर के पास, मेन बाजार में ज्वालपा देवी मंदिर के समीप गली में, पीठवाली गली, हरिपुर खेड़ा, खेड़ा मोहल्ला, खैरी, सिडकुल गेट आदि क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से लोगों को दो चार होना पड़ा। पूर्व प्रधान भगत सिंह राठौर, पूर्व उपप्रधान अनिल नौटियाल व शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष शूरवीर सिंह चौहान का कहना है कि नगर पंचायत को अपने संसाधन तैयार रखने चाहिए। कहा कि जल निकासी के लिए पहले से योजना बनी होनी चाहिए। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पडे। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विनोद शाह ने बताया कि सिडकुल गेट पर एनएच ने निकासी करवा दी। बाकि जगह पर नगर पंचायत ने सीवर टैंक से पानी की निकासी करवा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *