नाली निर्माणकार्य की घटिया गुणवत्ता पर लोनिवि के खिलाफ गरजे ग्रामीण
विकासनगर। बाजार में जल निकासी के लिए कराए गए नाली निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता की शिकायत करते हुए व्यापारियों और ग्रामीणों ने लोनिवि के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नालियों से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। बुधवार को ग्रामीणों ने कहा कि साहिया बाजार में सड़क सुधारीकरण और नाली निर्माण के नाम पर लोक निर्माण विभाग ने लाखों रुपये खर्च किए। आरोप है कि निर्माण के दौरान कई बार विभागीय अधिकारियों से घटिया गुणवत्ता और अनियमितता की शिकायत की गई थी। लेकिन अधिकारियों ने उनकी बात को अनसुना कर दिया। नाली निर्माण कार्य पूरा होने के एक माह बाद ही नालियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। आरोप लगाया कि नालियों को ढकने के लिए लगाए गए लोहे के ढक्कन भी घटिया गुणवत्ता के होने के कारण क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा भी पैदा हो गया है। सड़क सुधारीकरण के दौरान भी अनियमितताएं बरती गईं, जिससे एक माह में ही सड़क भी क्षतिग्रस्त होने लग गई है। क्षतिग्रस्त सड़क और नाली के टूटे हुए ढक्कन से राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्कूल जाते हुए छोटे बच्चों के चोटिल होने का खतरा सता रहा है। कहा कि लोनिवि अधिकारियों की लापरवाही के चलते सरकारी धन का दुरुपयोग होने के साथ ही ग्रामीणों और व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और व्यापारियों ने क्षतिग्रस्त सड़क और नाली के जल्द सुधारीकरण की मांग लोक निर्माण विभाग से की है। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व प्रधान सतपाल राय, रविंद्र पाल, अंशुल जैन, अनुज चौहान, बॉबी जैन, मीरू, फूल सिंह आदि शामिल रहे।
