कांवड़ यात्रा की तैयारियों के मद्देनजर की बैठक

 

ऋषिकेश।

14 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा की तैयारियों के मद्देनजर प्रशासन ने विभागीय अधिकारियों समेत विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक ली। यात्रा के दौरान ओवररेटिंग रोकने के लिए व्यापारिक प्रतिष्ठानों में रेट लिस्ट चस्पा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों को सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सोमवार को ऋषिकेश तहसील के सभागार में एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंढियाल, यातायात निरीक्षक हितेश कुमार ने संयुक्त रूप से जल संस्थान, पुलिस, ट्रेजरी, नगर निगम, एआरटीओ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ होटल, धर्मशाला, व्यापारियों, परिवहन कारोबारियों की बैठक में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कांवड़ियों को पेयजल सुविधा के लिए होटल, धर्मशाला और दुकानों के बाहर पानी की व्यवस्था करने की अपील की।

एसडीएम ने दो साल बाद शुरू हो रही कांवड़ यात्रा में 5 करोड़ से अधिक कांवड़ियों की आमद की संभावना जताते हुए विभागीय अधिकारियों को पेयजल, सफाई, शौचालय, अस्थायी पार्किंग आदि के इंतजाम दो दिन में पूरे करने के निर्देश दिए। नगर निगम को हिदायत दी कि खुले में शौच की शिकायत नहीं मिले, लिहाजा आसपास के अन्य नगर निकायों से तालमेल बिठाकर यात्रा रूट और अस्थायी पार्किंग में पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था करें। मौके पर सीनियर मेडिकल आफिसर डा. कैलास गुंज्याल, तहसीलदार डा. अमृता शर्मा, उपकोषागार अधिकारी विमलदेव सेमवाल, सहायक नगर आयुक्त बीपी भट्ट, जलकल अभियंता अनिल नेगी, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, देवभूमि उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, होटल एसोसिएशन महामंत्री अंशुल अरोड़ा, कपिल सारस्वत, यातायात सहकारी संघ अध्यक्ष मनोज ध्यानी, रुपकुंड अध्यक्ष भूपाल सिंह नेगी, संयुक्त रोटेशन व्यवस्था समिति प्रभारी ‌नवीन तिवारी, प्रमोद शर्मा, नरेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *