फोटो पंजीकरण केंद्र में फिर से रौनक

 

ऋषिकेश। गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या फिर बढ़ने लगी है। ऋषिकेश के फोटो पंजीकरण केंद्र में फिर से रौनक लौट आयी है। 15 जून के बाद चारधाम यात्रा के धीमा पड़ने से चारधाम यात्रा के प्रवेशद्वार ऋषिकेश में यात्रा की रौनक धीरे-धीरे गायब होने लगी थी। तीर्थयात्रियों से गुलजार रहने वाले फोटो पंजीकरण केंद्र में भी इक्का-दुक्का तीर्थयात्री ही नजर आने लगे थे। सन्नाटे जैसी स्थिति हो गई थी। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा शुरू होने से ठीक पहले तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। सोमवार को चारधाम यात्रा बस टर्मिनल कंपाउंड स्थित फोटो पंजीकरण केंद्र में सुबह से तीर्थयात्री पंजीकरण के लिए कतार में खड़े नजर आए। छत्तीसगढ़ से आए तीर्थयात्रियों के दल ने बताया कि पहले बदरीनाथ धाम और उसके बाद गंगोत्री धाम के दर्शन करेंगे। गंगोत्री से ही गंगा जल लेकर वापस गांव लौटेंगे और सावन में मंदिर में शिवलिंग का जलाभिषेक करेंगे। बताया कि कांवड़ यात्रा के चलते ज्यादातर लोग गंगोत्री धाम जाने के लिए ऋषिकेश आ रहे हैं। फोटो पंजीकरण केंद्र के प्रोजेक्ट कोर्डिनेटर वीरेंद्र उपाध्याय ने बताया कि सोमवार को दोपहर 2 बजे तक 300 से अधिक यात्री पंजीकरण करा चुके हैं। पंजीकरण का क्रम जारी था। जबकि इससे पहले रोजाना पंजीकरण का आंकड़ा 80 से 90 तक सिमट गया था। कांवड़ यात्रा से ठीक पहले अब तीर्थयात्रियों की आमद बढ़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *