किसान आयोग का गठन करे सरकार: भानु
हरिद्वार। हरिद्वार में भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के तीन दिवसीय चिंतन शिविर की शुरुआत मंगलवार शाम हुई। गंगा किनारे स्थित अलकनंदा होटल में आयोजित किसान शिविर में देशभर से आए किसानों ने भाग लिया। चिंतन शिविर में किसानों ने केंद्र सरकार से किसान आयोग के गठन और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के अनुसार किसानों की फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने की मांग की।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने किसानों की उपेक्षा की, इसलिए आज देश में कांग्रेस को किसानों ने उखाड़ फेंका। प्रताप सिंह ने कहा कि किसान आयोग का गठन सरकार को करना चाहिए और ईमानदार किसान को आयोग का अध्यक्ष बनाना चाहिए। जिससे किसानों को लाभ मिल सके। देश के प्रधानमंत्री से मांग है कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिले। किसान सरकार का हितैषी है, सरकार मांगों का संज्ञान ले। हमारी मांगें पूरी नहीं होती है तो सरकार के खिलाफ संघर्ष किया जाएगा। इस मौके पर देशभर से आए किसान मौजूद रहे।
