गंगा दशहरा ट्रैफिक प्लान : पुरकाजी से लक्सर होते हुए हरिद्वार भेज जाएंगे निजी बसें
रुड़की। गंगा दशहरा पर हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। पुलिस ने हाईवे पर यातायात संचालन के लिए योजना तैयार की है। यातायात डायवर्जन को लेकर सूचना लगाई गई है। भारी मालवाहक वाहनों को नारसन समेत मंगलौर तक विभिन्न स्थानों पर रोका जाएगा। जिससे यात्री वाहनों के संचालन में परेशानी न हो। गुरुवार को गंगा दशहरा स्नान के लिए पुलिस ने ट्रैफिक प्लान बनाया है। विभिन्न स्थानों पर यातायात संचालन के लिए पुलिस पिकेट स्थापित किए गए हैं। जहां पर यातायात पुलिस के कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है। नारसन से लेकर मंगलौर तक विभिन्न जगह यातायात संचालन के लिए पुलिस लगाई गई है। एसएसआई रफत अली ने बताया कि गंगा दशहरे के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने का अनुमान है। पालिका के सहयोग से हाईवे पर विभिन्न स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट स्थापित कराए गए हैं। साथ ही पेयजल के लिए भी टैंकर खड़े कराए गए हैं। ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। उन्होंने बताया कि दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनों को सीधे हरिद्वार भेजा जाएगा। जबकि निजी बसों को पुरकाजी के रास्ते लक्सर होते हुए हरिद्वार भेजने की योजना है। इसके लिए उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारी मालवाहक वाहनों को बुधवार रात से ही नारसन बॉर्डर पर रोक दिया जाएगा। जब तक यातायात सामान्य नहीं हो जाता तब तक भारी मालवाहक वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नारसन से लेकर मंगलौर तक अलग-अलग जगहों पर भारी मालवाहक वाहनों को रोके जाने की व्यवस्था की गई है।
