मुख्य मार्ग और आंतरिक सड़कों पर भरा गंग नहर का पानी
हरिद्वार। प्रेमनगर आश्रम के पास बरसाती नाला में गंग नहर का पानी ओवर फ्लो होने से न्यू हरिद्वार कॉलोनी की आंतरिक सड़कों और मुख्य मार्ग पर पानी जमा हो गया। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। इन दौरान गंगा किनारे बने घाट भी जलमग्न हो गए। कॉलोनी में पानी आने की सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश सिचाई विभाग के अधिकारियों ने नहर में जल की निकासी को कम किया। जिसके बाद क्षेत्र में जलभराव से जनता को निजात मिल सकी। यूपी सिंचाई विभाग ऊपरी खंड गंग नहर में किसानों की मांग पर रोजाना 13 हजार क्यूसिक जल की निकासी कर रहा है। सामान्य दिनों में नहर में सात हजार क्यूसिक जल की निकासी की जाती है। निचले इलाकों के लिए करीब छह हजार क्यूसिक अतरिक्त जल की मांगा है। नहर में छह हजार क्यूसिक अतरिक्त जल की निकासी बढ़ने के बाद न्यू हरिद्वार कॉलोनी की सड़कों पर नहर का पानी जमा हो गया। लोगों की समस्या को देखते हुए विभाग ने तत्काल नहर का जल स्तर कम किया। जिसके बाद लोगों को राहत मिल सकी।
निचले इलाकों में पानी की ज्यादा मांग की गई है। इस कारण गंग नहर का जल स्तर 13 हजार क्यूसिक रखा गया है। पानी ओवर फ्लो होने की सूचना मिलने पर जल की निकासी कम की गई है। -हरीश कुमार, जेई यूपी सिंचाई विभाग
