अवैध खनन को लेकर हुई हत्याओं के लिए सरकार जिम्मेदार: डॉ. उपाध्याय
रुद्रपुर। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. गणेश उपाध्याय का कहना है कि खनन माफिया के आगे पुलिस-प्रशासन लाचार नजर आ रहा है। कहा कि पंतनगर आने के बावजूद सीएम अपनी ही पार्टी के जुझारु कार्यकर्ता की हत्या पर उनके परिजनों से मिलने नहीं पहुंचे। यह संवेदनहीनता है। आरोप लगाया कि इस हत्या के लिये खनन में शामिल नेता, अधिकारी, पुलिस, खनन विभाग और प्रशासन जिम्मेदार हैं।
उपाध्याय ने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन राजनेताओं के संरक्षण और पुलिस और प्रशासन की मिलीभगत से चल रहा है। खनन के चलते संदीप कार्की की हत्या हुयी, वहीं दिन-रात क्षेत्र में दौड़ रहे जेसीबी-डंपर से कई लोग चोटिल हो चुके हैं। कहा कि खनन के खेल में अब तक सात हत्याएं हुयी हैं। लेकिन कार्रवाई नहीं होने से खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं। माफिया पुलिस और सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने से भी नहीं चूक रहे। लगातार ग्रामीणों द्वारा किच्छा तहसील प्रशासन की टीम को अवगत कराया जाता है। फिर भी राजस्व विभाग की टीम अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है।
