किसान आयोग के उपाध्यक्ष ने बाइपास व रोडवेज स्टेशन का किया निरीक्षण

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रीम प्रोजेक्ट खटीमा से चकरपुर तक बन रहे लगभग 8.2 किमी बाईपास का किसान आयोग के उपाध्यक्ष राजपाल सिंह ने एनएचएआई के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। बाद में आयोग के उपाध्यक्ष ने निर्माणाधीन रोडवेज बस स्टेशन का भी निरीक्षण किया।
मंगलवार को निरीक्षण के लिए पहुंचे राजपाल सिंह ने बाईपास में लगभग 22 बिजली के खम्बों के शिफ्टिंग के लिए संबंधित विद्युत अधिकारियों को निर्देशित किया। बाईपास में बन रहे पुलों को भी अतिशीघ्र बनाने के लिए संबंधित एनएचएआई के अधिकारी एवं कॉन्ट्रेक्टर को आदेशित किया। बाईपास में कुछ ग्रामीणों की समस्याओं से भी अधिकारियों ने अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि 30 जून तक बाईपास का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। राजपाल सिंह ने कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये।
यहां डिप्टी मैनेजर मीनू, प्रोजेक्ट हेड लोकेश देशवाल, डीपीएम (कांट्रेक्टर) वेद प्रकाश, हेमंत जोशी मौजूद रहे। इधर रोडवेज बस स्टेशन के निर्माण में हो रही देरी पर उपाध्यक्ष राजपाल ने प्रोजेक्ट मैनेजर विवेक कटियार को कार्य मे तेजी लाने को कहा। उन्होंने तहसीलदार को रोडवेज के आगे बने कुष्ठ आश्रम को शिफ्ट करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *