विधायक पुंडीर ने दिए अधिकारियों को तलब कर पेयजल समस्या के निस्तारण के निर्देश

विकासनगर

नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के निस्तारण के लिए मंगलवार को विधायक सहदेव पुंडीर ने जल संस्थान अधिकारियों और निकाय प्रशासन के अधिकारियों को तलब कर समस्या के निस्तारण को निर्देश दिए। सुद्धोवाला स्थित कैंप कार्यालय में अधिकारियों को बुलाकर स्थानीय जन प्रतिनिधियों, पूर्व जन प्रतिनिधियों से पेयजल किल्लत वाले क्षेत्रों की जानकारी ली। जन प्रतिनिधियों ने बताया कि विवेक विहार, मुख्य बाजार, निगम रोड, शिव नगर बस्ती, जमनपुर में अक्सर पेयजल संकट बना रहता है। जल संस्थान अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेलाकुई में साल दर साल आबादी बढ़ती जा रही है। बावजूद इसके पुरानी क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत भी नहीं की जा रही है, जिससे करीब तीस हजार की आबादी को पीने का पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। मुख्य बाजार में पानी की किल्लत से होटल, रेस्टोरेंट व्यापारियों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। बताया कि पर्याप्त पेयजल आपूर्ति के लिए सेलाकुई मुख्य बाजार समेत अन्य बस्तियों में भी पेयजल नलकूप लगाया जाना जरूरी है। स्थानीय जन प्रतिनिधियों की समस्याओं को सुनकर विधायक ने जल संस्थान अधिकारियों को नए नलकूप लगाए जाने और पेयजल लाइन बिछाने के निर्देश दिए। साथ ही निकाय प्रशासन को नलकूप लगाने के लिए जगह मुहैया कराने का निर्देशित किया। इस दौरान जल संस्थान के अधिशासी अभियंता राजेंद्र पाल, अधिशासी अधिकारी भजन लाल आर्य, भगत सिंह राठौर, शूरवीर सिंह चौहान, अनिल नौटियाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *