जंगल की आग से जीआईसी केदारूखाल के तीन कमरे जले

चमोली। जंगलों की आग लगातार विकराल रूप धारण कर रही है। मंगलवार दोपहर से जल रहे पश्चिमी पिंडर रेंज के जंगलों की आग मंगलवार रात्रि तक कर्णप्रयाग विकासखंड के जीआईसी केदारूखाल तक पहुंच गई। जिससे जंगल की ओर के तीन टिनशेड वाले कमरे जल गए। बुधवार को यहां पढ़ने वाले बच्चों को अन्य कमरों में शिफ्ट किया गया। राजकीय इंटर कालेज केदारूखाल के प्रधानाचार्य संजय शाह ने बताया कि सुबह जब स्कूल पहुंचे से विद्यालय परिसर में जंगल की ओर के तीन टिनशेड वाले कमरे जले हुए मिले। इन कमरों में जंगल की आग ने भारी नुकसान किया। शाह ने बताया कि तीनों कमरों में कक्षाएं संचालित होती थीं। और आग से यहां रखा पूरा फर्नीचर भी राख हो गया। इधर क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता राकेश रतूड़ी, हेमंत सेमवाल आदि ने आग पर नियंत्रण नहीं होने पर वन विभाग से नाराजगी जताई है। रतूड़ी ने कहा कि पश्चिमी पिंडर रेंज के अधिकारी और कर्मी आग की सूचना के बाद भी मौके पर नहीं पहुंचे। वहीं पश्चिमी पिंडर रेंज के रेंजर बीएस नेगी ने बताया कि बुधवार दोपहर से कर्मियों की टीम आग बुझाने में जुटी थी। बावजूद इंटर कालेज तक आग पहुंच गई। नेगी ने कहा कि बुधवार को भी कर्मियों की टीम आग बुझाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *