प्रत्येक विद्यालय में शिक्षकों की नियमित तैनाती की जाए
विकासनगर।
उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की विकासनगर ब्लॉक इकाई के पदाधिकारियों ने ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत व्यवस्था पर तैनात किए गए शिक्षकों वाले विद्यालयों में नियमित तैनाती की मांग की है। इसके साथ ही शिक्षकों की ओर विभाग के ब्लॉक मुख्यालय में पर्याप्त कर्मचारियों को तैनात करने की मांग भी की गई।
प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री कमल सुयाल ने कहा कि प्रखंड के कुछ विद्यालयों में शिक्षक तैनात नहीं होने से अन्य विद्यालयों से व्यवस्था पर शिक्षक भेजे गए हैं। ऐसे में दोनों ही विद्यालयों के शिक्षण और प्रशासनिक कार्य प्रभावित होते हैं। लिहाजा सभी विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित तैनाती की जानी जरूरी है। कहा कि ब्लॉक के करीब तीस विद्यालयों में एक ही शिक्षक तैनात है। एक शिक्षक के सहारे पांच कक्षाओं का पठन पाठन और प्रशासनिक कार्यों को निपटाना मुश्किल होता है। प्रशासनिक कार्यों के चलते ब्लॉक और जिला मुख्यालय जाने पर विद्यालय में अवकाश घोषित करना पड़ता है। लिहाजा सभी प्राथमिक विद्यालयों में तीन शिक्षकों की तैनाती की जानी चाहिए। ब्लॉक कोषाध्यक्ष मधु पटवाल ने कहा कि शिक्षकों वरिष्ठता सूची लंबे समय से अपडेट नहीं की गई है, जिससे वरिष्ठता क्रम सुनिश्चित करने में दिक्कतें आती हैं। कहा कि शिक्षकों की वरिष्ठता सूची निश्चित समयांतराल पर अपडेट की जानी चाहिए। जिला उपाध्यक्ष गंभीर सिंह कश्यप ने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक को जूनियर सहायक के पद पर जल्द पदोन्नति प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए, जिससे प्रत्येक शिक्षक को सेवाकाल में पदोन्नति के पर्याप्त अवसर मिल सके। इसके साथ ही शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली और विभाग के ब्लॉक मुख्यालय में पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती की मांग भी है। डा. रत्ना मिश्रा, रोहिणी चौहान, दिनेश कुमार, नीरजा उपाध्याय, बीना शर्मा आदि मौजूद रहे।
