बॉन्ड भरकर मिल को गन्ना बेच सकेंगे किसान

रुड़की। लक्सर क्षेत्र के तकरीबन 40 हजार से अधिक किसान लक्सर सहकारी गन्ना विकास समिति के माध्यम से अपना गन्ना लक्सर की चीनी मिल को आपूर्ति करते हैं। इनमें आठ से दस हजार किसान ऐसे हैं, जिनका बेसिक कोटा कम है, परंतु उनके पास गन्ने की फसल ज्यादा है। ऐसे किसान अपने बेसिक कोटे का पूरा गन्ना मिल को सप्लाई कर चुके हैं। फिर भी उनके खेत में गन्ने की फसल खड़ी हुई है। पिछले दिनों ऐसे कई किसानों ने पहले की तरह बॉड के आधार पर बेसिक कोटे से अतिरिक्त गन्ने की आपूर्ति मिल को करने की मांग लक्सर गन्ना परिषद के अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह परमार व गन्ना समिति के अध्यक्ष जितेंद्र नागर से की थी। गन्ना समिति और गन्ना परिषद ने विचार करने के बाद किसानों की मांग पर सहमति जताई है। गन्ना परिषद के अध्यक्ष परमार और एससीडीआई प्रदीप कुमार वर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि परिषद के सभी गन्ना पर्यवेक्षकों को अपने क्षेत्र में ऐसे किसानों का सर्वेक्षण करने के आदेश दे दिए गए हैं, जिनका बेसिक कोटा पूरा हो चुका है, फिर भी उनके खेत में गन्ने की फसल बची हुई है। बताया कि सुपरवाइजरों से सर्वेक्षण की रिपोर्ट आने के बाद ऐसे किसानों से गन्ने की खरीद के बॉड भरवाए जाएंगे। गन्ना समिति बॉड के मुताबिक किसानों को मिल में गन्ना सप्लाई के लिए पर्चियां जारी करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *