रमजान में बिजली कटौती नहीं किए जाने की मांग की
रुड़की। विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने जिला प्रशासन और ऊर्जा निगम के अफसरों से तीन अप्रैल से शुरू होने जा रहे पवित्र रमजान माह में क्षेत्र को बिजली कटौती से मुक्त रखे जाने की मांग की है। तापमान तेजी के साथ बढ़ रहा है। गर्मी के बढ़ने के साथ ही क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती जारी है। तीन अप्रैल से रमजान का महीना शुरू होने जा रहा है। रमजान के महीने में लोग विशेष इबादत करते हैं और रोजा भी रखा जाता है। 30 दिनों तक रोजे रखने के बाद लोग ईद मनाते हैं। इस दौरान गर्मी को देखते हुए मुस्लिम समाज के कई गणमान्य लोगों ने जिला प्रशासन और ऊर्जा निगम से क्षेत्र में बिजली कटौती नहीं किए जाने की मांग की है।
नगर पालिका अध्यक्ष हाजी दिलशाद अली, कांग्रेस नेता हाजी तहसीन अंसारी, सैयद अली हैदर जैदी, धर्मगुरु मौलाना मुफ्ती मासूम कासमी, मौलाना सिब्ते हसन, नगर विकास समिति के अध्यक्ष शकील अहमद, हुसैनी यूथ वेलफेयर सोसाइटी के कार्यकारी अध्यक्ष जावेद अली आदि ने डीएम और ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता से रमजान माह में क्षेत्र में बिजली कटौती नहीं किए जाने की मांग की है। कहा है कि पूरे माह क्षेत्र को बिजली कटौती से मुक्त रखा जाए।
