अफसरों के न आने से बैठक स्थगित

रुड़की। सीडीओ डॉ. सौरभ गहरवार ने सीएचसी में चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक ली। बैठक में मरीजों से शुल्क के तौर पर इकट्ठा धनराशि के खर्च को लेकर कई प्रस्ताव पास किए गए। इससे पूर्व खानपुर सीएचसी पर अधिकारियों के नहीं आने से बैठक नहीं हुई। इस पर सीडीओ ने बैठक स्थगित कर दी। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों से पर्ची बनाने का शुल्क लिया जाता है। इस मद की धनराशि का उपयोग सीडीओ के नेतृत्व में गठित चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक में तय होता है। लक्सर और खानपुर में मंगलवार को इसकी बैठक होनी थी। इसके लिए सीडीओ डॉ. सौरभ गहरवार पहले खानपुर पहुंचे, परंतु वहां बैठक की कोई तैयारी नहीं थी। दूसरे विभागों के कई अधिकारी समिति के पदेन सदस्य होने के बावजूद वहां मौजूद नहीं थे। सीडीओ ने इस पर कड़ी नाराजगी जताकर बैठक स्थगित कर दी। बाद में उन्होंने लक्सर सीएचसी में समिति की बैठक ली। बैठक में सीएचसी की तरफ से करीब चार लाख रुपये के बजट को खर्च करने के प्रस्ताव रखे गए। सीडीओ के अनुमोदन के बाद सारे प्रस्ताव पारित कर दिए गए। सीएचसी लक्सर के अधीक्षक डॉ. अनिल वर्मा ने इसकी पुष्टि कर बताया कि बैठक में मुख्य तौर पर मरीजों को भर्ती करने के लिए बने वार्डों में सुविधाएं बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया था। समिति के सभी सदस्यों की सहमति से प्रस्ताव पारित हो गया है। बताया कि जल्दी ही वार्डों में मरीजों को पहले से बेहतर सुविधाएं मिलने लगेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *