छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में नक्सलियों ने किया आईईडी धमाका, एक अधिकारी शहीद

 

रायपुर

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में नक्सलियों की सक्रियता फिर बढ़ गई है। यहां नक्सलियों केएक प्रेशर बम में विस्फोट होने के कारण सोमवार को भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) का एक अधिकारी शहीद हो गया और एक हवलदार घायल हो गया। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने सोमवार को बताया कि जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोनपुर और ढोंडरीबेड़ा गांवों के मध्य लगाए गए प्रेशर बम की चपेट में आने से आईटीबीपी के सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह शहीद हो गए तथा हवलदार महेश घायल हो गए।

सुंदरराज ने बताया कि सोनपुर थाना क्षेत्र में आईटीबीपी की 53वीं बटालियन के दल को सोनपुर और ढोंडरीबेड़ा गांवों के मध्य सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा के लिए सोमवार सुबह रवाना किया गया था। दल के जवान जब घटनास्थल पर थे, तब उनका पैर नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम के ऊपर चला गया, जिससे बम में विस्फोट हो गया। इस घटना में सिंह शहीद हो गए और महेश घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल जवान और अधिकारी के शव को घटनास्थल से बाहर निकाला गया। घायल जवान को नारायणपुर जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *