सुरक्षा बलों के साथ 3 अलग-अलग मुठभेड़ में चार आतंकवादी ढे़र, एक गिरफ्तार
श्रीनगर
जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ 3 अलग-अलग मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के पाकिस्तानी कमांडर सहित चार आतंकवादी मारे गए और एक अन्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस के अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ कश्मीर घाटी के पुलवामा, गंदेरबल और कुपवाड़ा जिलों में हुई। उन्होंने कहा कि दक्षिण कश्मीर में पुलवामा के चेवाकलां इलाके में रात भर चली मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद (जेईम) के दो आतंकवादी और एक पाकिस्तानी नागरिक मारा गया। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने ट्वीट किया, पुलवामा मुठभेड़ में मारे गए पाकिस्तानी आतंकवादी की पहचान जेईएम कमांडर कमाल भाई ‘जट्ट’ के रूप में हुई है। वह 2018 से पुलवामा-शोपियां इलाके में सक्रिय था, कई आतंकी अपराधों और नागरिक अत्याचारों में शामिल था।’’
अधिकारी ने बताया कि एक अन्य मुठभेड़ मध्य कश्मीर के गंदेरबल जिले के सेरच इलाके में तड़के सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई। उन्होंने कहा कि गोलीबारी में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का एक आतंकवादी मारा गया है। उन्होंने कहा कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा के नेचमा रजवार इलाके में सुबह एक और मुठभेड़ हुई, जिसमें लश्कर का एक आतंकवादी मारा गया। कुमार ने कहा कि सुरक्षा बलों ने चार-पांच स्थानों पर आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया था।
