यूपी चुनाव में मिली करारी हार से दुखी मायावती की पार्टी ने टीवी डिबेट से किया बायकॉट
लखनऊ
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में करारी हार से सबक सीखने की बात करने वालीं मायावती ने मीडिया को इसके लिए जिम्मेदार बताया है। इतना ही नहीं हार से भड़कीं मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी टीवी चौनलों की डिबेट्स का बायकॉट करेगी। उन्होंने कहा कि बीएसपी का कोई प्रवक्ता टीवी चौनलों में किसी भी कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेगा। बीएसपी सुप्रीमो ने ट्वीट कर अपने फैसले की जानकारी दी है। मायावती का कहना है, कि मीडिया ने अपने आकाओं के निर्देश पर जातिवादी रवैया दिखाकर बीएसपी के मूवमेंट को नुकसान पहुंचाने का काम किया है।
मायावती ने ट्वीट किया, यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान मीडिया द्वारा अपने आकाओं के दिशा-निर्देशन में जो जातिवादी द्वेषपूर्ण व घृणित रवैया अपनाकर अम्बेडकरवादी बीएसपी मूवमेंट को नुकसान पहुंचाने का काम किया है, वह किसी से भी छिपा नहीं है। इस हालत में पार्टी प्रवक्ताओं को भी नई जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके बाद एक अन्य ट्वीट में मायावती ने लिखा, श्इसलिए पार्टी के सभी प्रवक्ता सुधीन्द्र भदौरिया, धर्मवीर चौधरी, डा.एम एच खान, फैजान खान व श्रीमती सीमा कुशवाहा अब टीवी डिबेट आदि कार्यक्रमों में शामिल नहीं होगी।
इससे पहले शुक्रवार सुबह ही मायावती ने हार को लेकर कहा था कि अब इससे बुरा बीएसपी के साथ क्या ही होगा। इस हार से हम सबक लेने वाले हैं, और भविष्य में सत्ता हासिल करने तक निराश नहीं होने वाले हैं। यही नहीं मायावती का कहना था, कि सपा की ओर से दुष्प्रचार किया गया था कि बीएसपी भाजपा की बी टीम है और इसका हमें नुकसान हुआ। मायावती ने कहा कि पूरा मुस्लिम वोट सपा के साथ चला गया और लोगों को डर था कि अब सपा की सरकार आ जाएगी। इसके बाद बीएसपी को मिलने वाला दलित वोटों का बड़ा हिस्सा भाजपा के साथ चला गया। इसी के चलते हमें नुकसान हुआ है। उन्होंने साफ कहा कि मुस्लिम वोटों के ध्रुवीकरण की सजा हमें इस चुनाव में मिली है।
