नई एसओपी को लेकर परिवहन कारोबारियों ने जताया आक्रोश

ऋषिकेश

कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच सरकार की ओर से हाल ही में जारी नई एसओपी को लेकर परिवहन कारोबारियों ने आक्रोश जताया है। उनका कहना है कि सरकार ने एसओपी में वाहनों में पचास प्रतिशत क्षमता तक ही यात्री बिठाने के निर्देश तो दे दिए हैं, लेकिन परिवहन कारोबारियों को इससे होने वाले घाटे की एवज में किराया बढ़ाने का कोई जिक्र नहीं किया है। उन्होंने किराया निर्धारित नहीं होने पर वाहनों का संचालन बंद करने की चेतावनी दी है। शनिवार को यातायात और पर्यटन विकास सहकारी संघ के अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने एआरटीओ ऋषिकेश के माध्यम से परिवहन आयुक्त को ज्ञापन भेजा। कहा कि एक दिन पूर्व प्रदेश सरकार ने कोविड को देखते हुए नई एसओपी जारी की है। इसमें वाहनों में 50 प्रतिशत क्षमता तक यात्रियों को बैठाने के आदेश जारी किए गए हैं। लेकिन इस एसओपी में किराए को लेकर कोई नीति निर्धारित नहीं की गई है। पूर्व में जब एसओपी जारी हुई थी, उस समय वाहनों में 50 प्रतिशत यात्रियों को बिठाने का आदेश आया था और उसमें यात्रियों से दोगुना किराए लिए जाने के भी आदेश किए गए थे। जबकि इस बार की एसओपी में किराया निर्धारित नहीं किया गया है। इससे परिवहन कारोबारियों और यात्रियों में संशय बना हुआ है। ऐसे में वाहनों का संचालन करना असंभव होगा। इसलिए जल्द किराया संबंधित आदेश जारी किए जाएं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *