पौड़ी में चुनाव कर्मियों की कार खाई में गिरी, एक की मौत

पौड़ी। पौड़ी से चुनाव ड्यूटी कर अपने निजी वाहन से घर देहरादून लौट रहे कर्मचारियों की कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। जिससे एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें हायर सेंटर जौलीग्रांट अस्पताल रेफर किया गया है। जबकि एक घायल कर्मचारी का जिला अस्पताल में ही उपचार चल रहा है। पौड़ी के डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा.विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि श्रीनगर विधानसभा में चुनाव ड्यूटी में लगे चार कर्मचारी अपना काम निपटाकर मंगलवार की सुबह अपने घर देहरादून जा रहे थे। खोलाचौंरी के समीप भटकोट में इन कर्मचारियों की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया कि कार दुर्घटनाग्रस्त होने से कर्मचारी रणवीर नेगी (50) निवासी भानियावाला देहरादून की मौके पर मृत्यु हो गई, जबकि जय सिंह (54) निवासी सुमन बिहार बापूग्राम ऋषिकेश, सुरेंद्र रावत (54) निवासी हाथीबड़कला देहरादून और नरेंद्र गुसाईं (45) निवासी विकासनगर देहरादून गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल व्यक्तियों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय पौड़ी पहुंचाया गया। जिसमें से 2 कर्मचारियों को उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया जबकि 1 कर्मचारी का जिला अस्पताल में ही उपचार चल रहा है। बताया कि मृत कर्मचारी का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल कर्मचारियों का हालचाल जाना। कहा कि घायल कर्मचारियों की हरसंभव मदद की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *