पौड़ी में ईवीएम की सुरक्षा में तैनात रहेगी आईटीबीपी-पीएसी
पौड़ी। सोमवार को मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद देर रात से ही ईवीएम मशीनें जीआईसी में बने स्ट्रांग रूम में आनी शुरू हो गई थी। मंगलवार को भी दिनभर ईवीएम मशीनों के आने का सिलसिला जारी रहा। ईवीएम स्ट्रांग रूम में तीन सुरक्षा घेरों में रहेगी। पौड़ी जिले की 6 विधानसभाओं की ईवीएम के लिए पौड़ी जीआईसी को स्ट्रांग रूम बनाया गया है। ईवीएम की सुरक्षा के लिए यहां पर जिला प्रशासन की ओर से कड़े इंतजाम किए गए है। पौड़ी के जिला निर्वाचन अधिकारी डा.विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि जिले की 6 विधानसभा सीटों के लिए जीआईसी पौड़ी को स्ट्रांग रूम बनाया गया है। जीआईसी स्कूल में स्थित स्ट्रांग रूम में ईवीएम मशीनें रखी गई है। ईवीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए सभी इंतजाम किए गए है। बताया कि हर विधानसभा की ईवीएम मशीनों के लिए अलग-अलग रूम बनाए गए है। बताया कि स्ट्रांग रूम में डबल लॉक, सीसीटीवी कैमरे से ईवीएम मशीनों की सुरक्षा की जाएगी। इसके साथ ही ईवीएम मशीनों की तीन घेरों में सुरक्षा होगी। पहले घेरे में आईटीबीपी के जवान तैनात रहेंगे। जो 24 घंटे ईवीएम मशीन की सुरक्षा में तैनात रहेंगे। जबकि दूसरे घेरे में पीएसी औैर तीसरे घेरे में स्थानीय पुलिस रहेगी।
