प्रेम विवाह करने के बाद कोतवाली पहुंचा युगल, मांगी सुरक्षा

रुड़की। लक्सर कोतवाली के एक गांव निवासी युवक और युवती प्रेम विवाह करने के बाद सीधे कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक से मिलकर परिवार के लोगों से जानमाल के खतरे का अंदेशा जताते हुए पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। पुलिस अभी दोनों से पूछताछ कर रही है।
लक्सर कोतवाली की रायसी चौकी क्षेत्र के गांव में एक युवक का गांव के ही युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसका पता उनके परिजनों को लगा, तो उन्होंने दोनों पर बंदिश लगा दी। रविवार सुबह युवक और युवती किसी तरह अपने परिवार के लोगों की नजर बचाकर घर से निकले, और लक्सर पहुंच गए। लक्सर पहुंचकर दोनों ने पहले तो एक मंदिर में प्रेम विवाह किया, और फिर सीधे लक्सर कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह से मिलकर बताया कि वे दोनों बालिग हैं, और अपनी इच्छा से एक दूसरे के साथ शादी की है। कहा कि उनके परिवार के लोग इससे सहमत नहीं है। लिहाजा वे दोनों की जान या माल को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कोतवाल से पुलिस सुरक्षा मुहैया कराए जाने की मांग की।
कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि युवक-युवती शादी करके सुरक्षा के लिए पुलिस के पास आए हैं। अभी दोनों से पूछताछ की जा रही है। गांव से भी उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्हें आवश्यक सुरक्षा दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *