20 सूत्रीय मांगों के निराकरण को कर्मचारियों का आंदोलन रहा जारी

अल्मोड़ा। उत्तराखंड अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक समन्वय समिति का पुरानी पेंशन बहाली समेत 20 सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर सोमवार को भी आंदोलन जारी रहा। गेट मीटिंग और जनजागरण अभियान के तहत कर्मचारियों ने सोमवार को सिंचाई विभाग कार्यालय के प्रागंण में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने शीघ्र मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से कर्मचारी पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने, वेतन विसंगतियां सुलझाने, शासन स्तर पर लिए निर्णयों पर शासनादेश जारी करने सहित 20 सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग कर रहे हैं। धरना-प्रदर्शन समेत ज्ञापन के माध्यमों से कई बार शासन-प्रशासन से जल्द मांगों के निराकरण की गुहार लगा चुके हैं। इन दिनों कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन के तहत अलग-अलग विभागों में प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो रही है। इस कारण कर्मचारियों में भारी रोष है। कर्मचारियों ने जल्द मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेश चंद्र जोशी और संचालन सचिव संयोजक पुष्कर सिंह भैसोड़ा ने किया। यहां भुवन चंद्र जोशी, मुकेश कुमार, अमित कुमार, राजेश सिंह, रोशन, रेनू रावत, महिपाल सिंह, धमेंद्र सिंह, पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *