इलेक्ट्रॉनिक बस के चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
कानपुर
टाटमिल चौराहे पर रविवार देर रात अनियंत्रित हुई इलेक्ट्रॉनिक बस के चालक के खिलाफ थाना रेलबाजार में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के थोड़ी देर बाद ही चालक को गिरफ्तार कर पुलिस ने उसके ऊपर कानूनी कार्रवाई की है।
घटना के बाद चालक सतेंद्र सिंह यादव निवासी गजनेर जनपद कानपुर देहात झकरकटी बस अड्डे में जाकर छिप गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। रात को ही घायलों के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने धारा 279,337,338 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसके बाद सोमवार सुबह मृतकों के परिजनों की तहरीर पर थाना रेल बाजार पुलिस ने इन धाराओं को 302 आईपीसी में परिवर्तित कर दिया है। पुलिस घटना के सम्बंध में आरोपी चालक से पूछताछ करते हुए विधिक कार्रवाई कर रही है।
परिवार में मचा कोहराम
टाटमिल चौराहे पर रविवार को हुए भीषण बस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी और नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे। पुलिस ने पहचान पत्र से मृतकों के घर में हादसे की सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घायलों को इलाज के लिये आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया है।
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सीएम ने घटना पर जताया दुख
कानपुर में रविवार को हुए एक्सीडेंट में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया है। वहीं मृतकों को श्रद्धांजलि दी है। परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है।
