भाजपा प्रत्याशी अग्रवाल समेत दो ने  किया  नामांकन पत्र दाखिल

ऋषिकेश। ऋषिकेश विधानसभा सीट से सोमवार को भाजपा के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल और उत्तराखंड जनता पार्टी के प्रत्याशी अनूप सिंह राणा ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान नामांकन कक्ष के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के साथ दो लोग ही कक्ष में प्रवेश कर सके।
मंगलवार को तहसील मुख्यालय में नामांकन को लेकर हलचल रही। सुबह करीब 11.15 बजे लोकसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक तहसील परिसर पहुंचे। उन्होंने यहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनाव में एकजुट होकर कार्य करने की बात कही। इसी बीच 11.30 बजे भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल नामांकन के लिए पहुंचे। नामांकन कक्ष के बाहर तैनात पुलिस ने प्रत्याशी अग्रवाल और दो लोगों को अंदर जाने दिया। जबकि अन्य लोगों को नामांकन कक्ष से दूर कर दिया। भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने रिटर्निंग ऑफिसर अपूर्वा पांडेय के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रत्याशी के प्रस्तावक तारा चंद अग्रवाल ने बताया कि नामांकन पत्र की जांच के बाद उसे दाखिल कर लिया गया।
पर्चा दाखिल करने के बाद बाहर आने पर सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान, बीडीसी अनिता राणा, प्रधान चकजोगीमाफी एसएस कैंतुरा, प्रधान खैरीखुर्द चंद्रमोहन पोखरियाल, अमित वत्स आदि ने फूल मालाओं से प्रत्याशी का स्वागत किया। वहीं, उत्तराखंड जनता पार्टी के प्रत्याशी अनूप सिंह राणा ने एक प्रस्तावक के साथ तहसील पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया।
भाजपा नेत्री ने खरीदा नामांकन पत्र
ऋषिकेश। भाजपा नेत्री और राज्य आंदोलनकारी ऊषा रावत ने मंगलवार को तहसील पहुंचकर नामांकन पत्र खरीदा। उन्होंने कहा कि पृथक राज्य के निर्माण में शहीद हुए आंदोलनकारियों के सपने के अनुरूप राज्य को बनाने के लिए राज्य की भावनाओं से जुड़े व्यक्ति को चुनाव में भागेदारी करनी चाहिए। इसके मद्देनजर उन्होंने नामांकन पत्र खरीदा है। वे चुनाव मैदान में उतरेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *