जूहा शिक्षक संघ के चतर सिंह कालसी और मोहनलाल चकराता ब्लॉक के अध्यक्ष चुने गए

विकासनगर।

जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की कालसी और चकराता ब्लॉक के एक दिवसीय अधिवेशन सोमवार को संपन्न हुए। अधिवेशन के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता पर चर्चा करने के साथ ही दोनों ब्लॉक की कार्यकारिणी का चुनाव निर्विरोध संपन्न कराया गया। नई कार्यकारिणी में चतर सिंह चौहान कालसी और मोहन लाल शर्मा चकराता ब्लॉक के अध्यक्ष चुने गए।
कालसी ब्लॉक का अधिवेशन सोमवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र में संपन्न हुआ। अधिवेशन में शिरकत कर रहे जूनियर हाईस्कूल स्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उमेश चौहान ने कहा कि सीमित संसाधनों के साथ प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापरक शिक्षा मुहैया कराना शिक्षक का पहला दायित्व है। इसके साथ ही शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण के लिए एकजुट होकर कार्य करना होगा। कहा कि संघ के चुनाव निर्विरोध संपन्न होने का मतलब है कि सभी शिक्षकों में संघनिष्ठ एकता का समावेश है। नई कार्यकारिणी के तहत जयदीप सिंह असवाल मंत्री, सरिता मलवा कोषाध्यक्ष, मंजू शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रौनक बख्श वरिष्ठ मंत्री, बलवीर सिंह नेगी संयुक्त मंत्री चुने गए। निर्वाचन प्रक्रिया पर्यवेक्षक मुज्जमिल हयात की देखरेख में संपन्न हुई।
दूसरी ओर चकराता ब्लॉक इकाई का अधिवेशन जूनियर हाईस्कूल त्यूणी में संपन्न हुआ। अधिवेशन में बतौर पर्यवेक्षक मौजूद संतराम जिनाटा ने कहा कि दुर्गम क्षेत्र के शिक्षकों की समस्याएं भी पहाड़ जैसी हैं। सरकार ने तबादला सत्र शून्य कर दिया है, जिससे दस वर्षों से अधिक सेवा दे चुके शिक्षकों का तबादला सुगम के विद्यालयों में नहीं हो पाया है। जबकि धारा 27 के तहत चहेते शिक्षकों का तबादला और समायोजन धड़ल्ले से जारी है। कहा कि अपनी समस्याओं को लेकर शिक्षकों को खुद ही आवाज बुलंद करनी होगी। नई कार्यकारिणी के तहत टीकाराम जोशी संरक्षक, महेंद्र सिंह चौहान मंत्री, रमेश चौहान कोषाध्यक्ष, जयपाल सिंह चौहान उपाध्यक्ष और प्रताप सिंह तोमर वरिष्ठ संयुक्त मंत्री चुने गए। सभी पदाधिकारियों को पद, कर्तव्यनिष्ठा और संघनिष्ठा की शपथ दिलाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *