उक्रांद को विकल्प के तौर पर देख रही जनता : कुकरेती

विकासनगर।

उत्तराखंड क्रांति दल की सोमवार को नगर के एक होटल में संपन्न हुई बैठक में प्रदेश और विकासनगर विधान सभा के राजनैतिक हालातों पर चर्चा करने के साथ ही विकासनगर से प्रत्याशी की घोषणा की गई। इस बार उक्रांद ने विधानसभा चुनाव के लिए विकासनगर विधानसभा क्षेत्र से महिला को प्रत्याशी बनाया है।
उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से सोमवार को नगर के एक होटल में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उक्रांद के कार्यकारी केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने बताया कि दल के सभी स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की आपसी सहमति से उत्तराखंड छात्र संगठन की पूर्व उपाध्यक्ष प्रीति थपलियाल को विकासनगर विधान सभा से प्रत्याशी घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनैतिक हालातों में जनता अब प्रदेश में विकल्प चाहती है। भाजपा और कांग्रेस की पहाड़ विरोधी नीतियों से जनता को राज्य गठन का लाभ नहीं मिला है। अभी तक दोनों ही राष्ट्रीय दलों की सरकारों ने प्रदेश में भाई भतीजावाद और भ्रष्टाचार की संस्कृति को बढ़ावा दिया है। माफिया राज प्रदेश में बढ़ा है। कहा कि भाजपा सरकार ने भू कानून के नाम पर प्रदेश की जमीन भू माफिया को बेचने की साजिश रची है। आज भाजपा और कांग्रेस ने अपनी पूरी ऊर्जा उक्रांद को कमजोर करने में लगाई है। दोनों ही दल जानते हैं राजनैतिक तौर पर उत्तराखंड क्रांति दल की मजबूती प्रदेश में उनकी राजनीति को ठप कर देगी। कहा कि अब जनता राष्ट्रीय दलों की नीतियों को समझ चुकी है। लिहाजा जनता के सामने अब उत्तराखंड क्रांति दल ही एकमात्र विकल्प रह गया है। दल जनता की भावनाओं को देखते हुए इस विधानसभा चुनाव में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कर सत्ता हासिल करेगा। विकासनगर विधान सभा क्षेत्र से घोषित प्रत्याशी प्रीति थपलियाल ने दल की नीतियों को लोगों तक पहुंचा कर जीत सुनश्चित करने का दावा किया। इस दौरान जयकृष्ण सेमवाल, देवेश्वरी बिडालिया, नरेंद्र कुकरेती, मायाराम ममगाईं, सरोज मलासी, राम सिंह, अमजद अहमद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *