बाइक न देने पर घर से भागा छात्र मिला

विकासनगर। थाना सेलाकुई क्षेत्र के अंतर्गत राजारोड निवासी एक होटल व्यासायी के ग्यारहवीं में पढ़े रहे बेटे ने परिजनों से बाइक दिलाने की मांग की। परिजनों ने बाइक देने से इनकार करने पर छात्र घर से नाराज होकर चला गया। पुलिस ने नाबालिग को दो घंटे के भीतर झाझरा के समीप बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। राजा रोड सेलाकुई निवासी एक होटल व्यवसाई ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका सत्रह वर्षीय नाबालिग बेटा ग्यारहवीं में राइंका भाऊवाला में पढ़ता है। लंबे समय से वह बाइक की मांग कर रहा है। सोमवार रात को वह बाइक के लिए पूरी तरह से अड़ गया और परिजनों से बाइक की मांग करने लगा। परिजनों ने काफी समझाया, लेकिन वह नहीं माना। जिस पर करीब दस बजे वह घर से कहीं निकल गया। जिस पर सेलाकुई पुलिस ने नाबालिग की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। सभी थाना चौकियों, बैरियर आदि पर पुलिस को सूचना देकर अलर्ट किया। साथ ही नाबालिग का फोन सर्विलांस पर लगाया गया। छात्र की लोकेशन करीब बारह बजे रात झाझरा के आसपास मिली। नाबालिग झाझरा के समीप सड़क किनारे पैदल चल रहा था। तभी पुलिस ने नाबालिग को पकड़ लिया। एसओ मनमोहन सिंह नेगी ने बताया कि नाबालिग को उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की टीम में कांस्टेबल दीपक चौहान, पुनीत कुमार व जितेंद्र कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *