पछुवादून में 22 कोरोना संक्रमित मिले
विकासनगर
पछुवादून में कोरोना संक्रमितों की संख्या शुक्रवार को दहाई के आंकड़े में रही। यहां सीएचसी चकराता के चिकित्सक और एक बैंक कर्मी समेत कुल 22 संक्रमित पाए गए, जिन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। संक्रमित मरीजों के संपर्कों की पहचान की जा रही है। उप जिला चिकित्सालय की सहायक नोडल अधिकारी रितु जोशी ने बताया कि विकासनगर निवासी और वर्तमान में सीएचसी चकराता में तैनात चिकित्सक और एसबीआई में तैनात एक कर्मचारी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। सीएचसी चकराता के चिकित्सक की ड्यूटी कुंभ मेले में लगी हुई थी, जो शुक्रवार को ही ड्यूटी से वापस लौटे। वापस लौटते ही उन्होंने उप जिला चिकित्सालय विकासनगर में ट्रू नेट जांच कराई, जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही बादामावाला निवासी एक दंपत्ति के साथ ही लक्ष्मणपुर, पश्चिमीवाला, डाकपत्थर, रसूलपुर, दिनकर विहार, कॉलेज रोड, चिरंजीपुर, मलूकावाला, बरोटीवाला, दिनकर विहार (बादामावाला रोड), बाबूगढ़, एटनबाग, सेलाकुई, सहसपुर से एक-एक संक्रमित मरीज मिले हैं। एक देहरादून निवासी एक व्यक्ति ने भी यहां अस्पताल में कोरोना जांच कराई थी, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटव आई है। दूसरी ओर सहसपुर क्षेत्र में शुक्रवार को दो लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सीएचसी सहसपुर की प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. विनीता सयाना ने बताया कि औद्योगिक इकाई में काम करने वाले एक श्रमिक और सेलाकुई निवासी एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। सभी संक्रमित मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
कुंभ मेले से आने वाले कराएं कोरोना जांच: उप जिला चिकित्सालय के नोडल अधिकारी डा. प्रदीप चौहान ने कुंभ मेले से लौटकर आए श्रद्धालुओं को कोरोना जांच करानी चाहिए। कहा कि मेले में अत्यधिक भीड़भाड़ होने के कारण संक्रमण का खतरा बना हुआ है। लिहाजा जो भी श्रद्धालु कुंभ मेले में शामिल होने गए थे, वे एहतियात के तौर पर कोरोना जांच करा लें। जांच रिपोर्ट आने तक खुद को क्वारंटीन करना जरूरी है, जिससे परिवार के अन्य सदस्यों को कोरोना संक्रमण के खतरे से बचाया जा सके।
