शिविर में 40 नौनिहालों को वितरित किए गए सहायता उपकरण
विकासनगर।
समग्र शिक्षा अभियान के तहत ब्लॉक संसाधन केंद्र में नौनिहालों को भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एल्मिको) की ओर से सहायता उपकरण वितरित किए गए। इस दौरान इन नौनिहालों को शिक्षा के माध्यम से समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया गया। मंगलवार को शिविर के आरंभ पर समग्र शिक्षा अभियान की जिला समन्वयक लक्ष्मी गड़िया ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा का समान अवसर मिलना चाहिए। शारीरिक अक्षमता के आधार पर किसी भी बच्चे के साथ भेदभाव नहीं किया जा सकता है और न ही ऐसे बच्चों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा सकता है। कहा कि अशिक्षा के चलते अधिकांश अभिभावक दिव्यांग नौनिहालों को उनके अधिकारों से वंचित कर देते हैं। दिव्यांग बच्चों को परिवार पर निर्भर करने के बजाय उन्हें शिक्षा के माध्यम से उनके अधिकार प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाया जाना चाहिए। शिविर में चालीस दिव्यांग नौनिहालों को उनकी आवश्यकता के सहायता उपकरण वितरित किए गए। जिसमें कृत्रिम अंग से लेकर व्हील चेयर और कानों की मशीन तक बांटी गई। इस दौरान जिला संदर्भदाता अंजलि भट्ट, ब्लॉक संदर्भदाता रीता सैनी, एल्मिको के डा. श्रीकांत पांडेय, डा. सोनू कुमार, शिवम, रेफल होम संस्था की अनुपमा, शिक्षा विभाग के सीआरसी सरदार हरजिंदर सिंह, राम नारायण रतूड़ी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी पीएल केष्टवाल, राजेश, सुनील कश्यप, मंजीत कुमार आदि मौजूद रहे।
