ऋषिकुमारों और बीएसएफ जवानों और ने लिया हिमालय बचाने का संकल्प


ऋषिकेश।  हिमालय बचाओ अभियान के तहत गुरुवार को परमार्थ निकेतन आश्रम के ऋषिकुमारों ने हिमालय को बचाने की शपथ ली। वक्ताओं ने कहा कि हिमालय को बचाने के लिए विज्ञान के अलावा आध्यात्मिक दृष्टिकोण भी जरूरी है। तीर्थनगरी के मंदिर और आश्रमों से जुड़े आचार्य और पुरोहित समाज भी हिमालय बचाओ अभियान से जुड़ता दिख रहा है। उनका कहना है कि विज्ञान चाहे आज इस बात को समझ रहा है कि हिमालय मनुष्यों के जीवन को प्रभावित करता है, लेकिन हमारे वेद पुराणों में सदियों से हिम शिखरों,नदियों आदि की पूजा की जाती रही है। जिससे इनका अत्याधिक दोहन न हो सके और पर्यावरणीय संतुलन बना रहे। परमार्थ निकेतन के आचार्य दीपक शर्मा ने गुरुकुल के 30 ऋषिकुमारों को सामूहिक रूप से हिमालय बचाओ अभियान के तहत शपथ दिलाई। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। हमें समाज को भी इस ओर एकजुट करने की आवश्यकता है।
उधर, डोईवाला में बीएसएफ के 130 जवानों ने हिमालय बचाओ अभियान के तहत शपथ ली। शपथ दिलाते हुए बीएसएफ कमांडेंट महेश नेगी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि देश को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है कि हिमालय को सुरक्षित रखा जाए। उसे प्रभावित करने वाले कारकों को पहचान कर उसके प्रति लोगों को भी जागरूक करना होगा। कहा कि पहाड़ी इलाकों में आने वाले पर्यटकों को भी हमें गंदगी फैलाने से रोकना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *