चोरी के पांच मोबाइल संग आरोपी धरा
ऋषिकेश। चांदमारी और कुड़कावाला से पांच मोबाइल फोन चुराने के आरोप में एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तलाशी में पुलिस ने आरोपी से चोरी के मोबाइल बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त आरोपी की बाइक को पुलिस ने सीज कर दिया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक चांदमारी निवासी दलजीत सिंह ने किरायेदारों के चार मोबाइल और कुड़कावाला के रहने वाले शाहरुख ने भी घर से एक मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दी थी। इस पर पुलिस टीम ने गुरुवार को ओमप्रकाश उर्फ भोंदा पुत्र गणेशी निवासी केशवपुरी बस्ती, डोईवाला को सौंग नदी के पास से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि आरोपी की तलाशी में करीब 1200 रुपये की नगदी भी मिली है। आरोपी पर इससे पहले भी छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। पेशी के बाद कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
