तीर्थनगरी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम
ऋषिकेश। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर तीर्थनगरी कान्हा के रंग में रंगी नजर आई। शहर में श्रीकृष्ण मंदिर सजे दिखे। वहीं श्रीकृष्ण-राधा की झांकी देखने मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। विभिन्न मंदिरों में देर रात्रि तक जन्माष्टमी पर्व मनाया गया। गुरुवार को तीर्थनगरी ऋषिकेश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। शहर के हर छोटे-बड़े मंदिर फूल और लड़ियों से सजे दिखे। श्रीकृष्ण मंदिरों में कान्हा और राधा की पोशाक पहने स्कूली छात्र-छात्राओं की झांकियां श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केन्द्र रहीं। मंदिरों में सुबह से ही पूजा अर्चना का सिलसिला चलता रहा। शाम 6 बजे से श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिरों में श्रीकृष्ण की झांकियों के दर्शन को जुटने लगी। शहर में मुखर्जी मार्ग स्थित गोपाल मंदिर में राधा-कृष्ण, कालिया नाग, बांके बिहारी और कैलाश पर्वत पर विराजमान शिव परिवार की झांकी देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। वहीं मुनिकीरेती स्थित मधुबन आश्रम में श्रीकष्ण धुन में मग्न श्रद्धालु देर शाम तक थिरकते रहे। यहां वनमंत्री सुबोध उनियाल ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। त्रिवेणी घाट, नीम करौली आश्रम, दुर्गा मंदिर, वीरभद्र मार्ग स्थित श्रीकृष्ण मंदिर,भरत मंदिर झंडा चौक, गीता भवन,परमार्थ निकेतन और रलवे रोड स्थितराधाकृष्ण मंदिर में भी श्रीकृष्ण-राधा की झांकी ने भक्तों का मन मोह लिया।
