श्रीनगर में जय हो छात्र संगठन का कुलपति के खिलाफ प्रदर्शन
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि में गत वर्षों की भांति निर्धारित सीटों को यथावत रखने की मांग के लिए आंदोलनरत जय हो छात्र संगठन से जुड़े छात्रों ने शुक्रवार को चौरास परिसर स्थित एकेडमिक एक्टिविटी सेंटर में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कुलपति के खिलाफ नारेबाजी कर पुतला भी फूंका। शुक्रवार को विवि के सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी संकाय की ओर से विवि की कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल के राजनीति विज्ञान विभाग के संकाय सदस्य पद से सेवानिवृत्ति होने पर विदाई कार्यक्रम रखा गया था। लेकिन जय हो संगठन से जुड़े छात्र नेता कुलपति के पहुंचने से पहले ही वहां पहुंच गए। वहां पहुंचते ही छात्र सीटें यथावत रखे जाने व छात्रों के खिलाफ विवि प्रशासन द्वारा कराए गए मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। मौके पर मौजूद संकायाध्यक्ष प्रो. हिमांशु बौड़ाई, राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. एमएम सेमवाल, डॉ. प्रशांत कंडारी, डॉ. एसएस बिष्ट और डॉ. जेपी भट्ट आदि ने छात्रों को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। पुतला दहन व प्रदर्शन करने वालों में जय हो ग्रुप के जिलाध्यक्ष आयुष मिया, निवर्तमान छात्र संघ अध्यक्ष अंकित रावत, कैवल्य जखमोला, सुधांशु थपलियाल, पुनीत अग्रवाल, ऋषभ बिष्ट, आशीष राणा आदि शामिल रहे।
