खेल महाकुंभ में प्रतिभाग करने वाले छात्रों को किया सम्मानित
विकासनगर।
महर्षि अरविंद घोष इंटर कॉलेज डाकपत्थर के छात्र-छात्राओं का राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ से लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय के कुल 24 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। मंगलवार को विद्यालय के खेल प्रशिक्षक कुंवर सिंह राय ने बताया कि कबड्डी के अलग-अलग मुकाबलों में कुल 13 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जबकि खो-खो में पांच खिलाड़ी खेले। वालीबॉल में दो छात्र और एक छात्रा, एथलेटिक्स में तीन छात्रों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया। सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को युवा कल्याण विभाग की ओर से ट्रैक सूट दिए गए। प्रधानाचार्य अरुण डबराल ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर से राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने से उनका सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने कहा कि अभी तक विद्यालय के करीब सत्तर छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपना हुनर प्रदर्शित कर चुके हैं। इस दौरान भरत चौहान, कुशलानंद पुरोहित, चेतन रमोला, शांति उनियाल, रिंकू कुमार आदि मौजूद रहे।
