नगर विकास मंत्री आशुतोष टण्डन ने किया 60 इलेक्ट्रिक बसों का फ्लैग ऑफ/लोकार्पण

लखनऊ

प्रदेश के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार व गरीबी उन्मूलन मंत्री आशुतोष टण्डन ने आज पॉलिटेक्निक चौराहा, लखनऊ से 60 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भारत सरकार के भारी उद्योग व लोक उद्यम मंत्रालय ने लखनऊ शहर को 100 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की हैं। जिनमें से आज 60 नई इलेक्ट्रिक बसों को मंत्री ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया है। उल्लेखनीय है कि 20 जुलाई, 2021 को मंत्री ने राजधानी लखनऊ के ही 1090 चौराहे पर 04 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों के प्रोटोटाइप ट्रायल रन का शुभारम्भ किया था। आज इन बसों को लखनऊ शहर की परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मंत्री ने हरी झंडी दिखायी है।
इस अवसर पर नगर विकास मंत्री टण्डन ने कहा कि यह इलेक्ट्रिक बसें पर्यावरण अनुकूल हैं। एक बार चार्ज किये जाने पर यह 2 से 3 घण्टे चलेगी। यह बसें पूर्णत: वातानुकूलित हैं व यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर डिजाइन की गयी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘विकास की रीत, सबकी जीत’ के मंत्र को साकार करने की कोशिशों के क्रम में इन इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। यह बसें पीपीपी मोड पर चलेगी, जिससे इनका रख-रखाव भी बेहतर किया जा सकेगा। मंत्री ने कहा कि इससे प्रदेशवासियों को आरामदायक, सस्ती व सुलभ यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन बसों का किराया भी कम रखा गया है। इलेक्ट्रिक बसें होने के कारण यह किसी भी प्रकार के पर्यावरणीय प्रदूषण से मुक्त हैं व शहर के पर्यावरण को स्वच्छ बनाये रखने में सहायक हैं।
इस अवसर पर लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया, लखनऊ के मण्डलायुक्त रंजन कुमार, नगर विकास विभाग के विशेष सचिव इन्द्रमणि त्रिपाठी व अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *