सुरेश रैना के ट्वीट पर फास्ट हुई मेरठ पुलिस, आंटी तक 20 मिनट में पहुंचा दिया ऑक्सीजन सिलेंडर
मेरठ
कोरोना की दूसरी लहर में सबसे ज्यादा ऑक्सीजन को लेकर मारामारी मची है। देश की राजधानी दिल्ली से लेकर यूपी के जिलों में ऑक्सीजन की भारी कमी है। लोगों को ऑक्सीजन बेड नहीं मिल पा रहा है। सरकार ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही पुलिस को भी लोगों की मदद में लगाया हुआ है। पुलिस की ऐसी ही मदद से क्रिकेटर सुरेश रैना की आंटी को गुरुवार को ऑक्सीजन मिल सका। सुरेश रैना के ट्वीट करने के 20 मिनट के अंदर ही मेरठ मे उनकी आंटी को पुलिस ने ऑक्सीजन उपलब्ध करा दिया।
क्रिकेटर सुरेश रैना की आंटी की तबीयत कोरोना के कारण खराब हो गई। ऑक्सीजन लेबल गिरने लगा। सुरेश रैना ने ट्वीट कर बताया कि आंटी मेरठ में भर्ती हैं। उन्हें तत्काल ऑक्सीजन की जरूरत है। रैना ने सीएम योगी आदित्यनाथ को टैग कर ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया।
रैना के ट्वीट में बताया कि उनकी 65 वर्षीय आंटी लंग इफेक्शन के कारण अस्पताल में भर्ती हैं। उनका कोरोना टेस्ट भी पॉजिटिव आया है। उनका ऑक्सीजन लेवल बिना सपोर्ट 70 और सपोर्ट के साथ 90 है। उन्होंने तत्काल ऑक्सीजन सिलेंडर की जरूरत है।
रैना के ट्वीट के बारे में जानकारी मिलते ही मेरठ पुलिस फास्ट हो गई। बीस मिनट में ही उनकी आंटी तक ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचा दिया गया। मेरठ पुलिस ने ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाने के बाद इस बारे में ट्वीट कर रैना और अपने अधिकारियों को इस बाबत जानकारी भी दी।
