स्टोन क्रशर के मुंशाी से फिरौती मांगने में दो पर केस दर्ज
रुडकी
टांडा महतौली के युवक ने पास के स्टोर क्रशर के मुंशी से 25 हजार रुपये की फिरौती की मांग की। मुंशी उसकी वीडियो बनाने लगा तो उसके साथ मारपीट की। स्टोन क्रशर के मालिक ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस एक नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। हरिद्वार के कनखल निवासी के अभिषेक नगर निवासी सुमित गोयल का लक्सर के टांडा महतौली में स्टोन क्रशर है। कोरोना के चलते क्रशर बंद पड़ा है। रविवार को उनका मुंशी अंकित क्रशर पर मौजूद था। आरोप है कि इस दौरान टांडा महतौली गांव का युवक सूरज अपने एक अज्ञात साथी को लेकर भीतर घुस आया तथा मुंशी अंकित से मिला। आरोप है कि सूरज ने मुंशी से 25 हजार रुपये की फिरौती मांगी। धमकी दी कि अगर रकम नहीं दी तो वे स्टोन क्रशर चालू दिखाकर मुकदमा दर्ज करा देंगे। अंकित ने क्रशर बंद होने की बात कही तो वे उसके साथ गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि अंकित ने अपने फोन से उनकी विडियो बनाने की कोशिश की तो दोनों ने उसके साथ मारपीट भी की। शोरगुल हुआ तो आसपास के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मुंशी को दोनों युवकों से छुड़ाया। मुंशी ने इसकी सूचना क्रशर मालिक सुमित को दी। इसके बाद सुमित ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी सूरज और एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि तहरीर पर फिरौती मांगने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
