बैंक हड़ताल के दूसरे दिन : बैंक कर्मियों ने किया विरोध प्रदर्शन
हरदोई
बैंक हड़ताल के दूसरे दिन आज शुक्रवार को हड़ताली बैंककर्मी बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा पर इक_े हुए। यहाँ सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। सरकारी बैंकों में दूसरे दिन भी ताले नहीं खुले।
हड़ताल के कारण, बैंकिंग लेन-देन बेहद प्रभावित और पंगु हो गए। अधिकांश बैंक शाखायें बंद ही रहीं क्योंकि शाखा प्रबंधक भी हड़ताल में शामिल हुए। बैंक काउंटर पर नकद लेनदेन बिल्कुल नहीं हो सका। कई जगह एटीएम खाली हो गए।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की स्थानीय इकाई के चेयरमैन मनोज सिंह व संयोजक आर के पाण्डेय ने 16 और 17 दिसम्बर की यह दो दिवसीय हड़ताल पूर्ण सफल रहने का दावा किया। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारी सचेत हैं कि बैंकों का निजीकरण उनकी नौकरी, नौकरी की सुरक्षा और भविष्य की संभावनाओं को प्रभावित करने के अलावा, हमारे देश,हमारी अर्थव्यवस्था और हमारे लोगों के हित में नहीं है।
बैंककर्मी नेता क्षितिज पाठक व वीर बहादुर सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि बैंको के निजीकरण के प्रयासों का पूरी ताकत से विरोध चलता रहेगा। बैंक अधिकारी नेता कमलेश कुमार व हर्षित गुप्ता ने अपने सम्बोधन में निजीकरण के नुकसान गिनाते हुए कहा कि सामाजिक बैंकिंग राष्ट्रीयकरण के कारण ही सम्भव हो सकी है।
प्रख्यात दार्शनिक और सेवानिवृत्त बैंककर्मी डॉ आलोक टंडन ने हड़ताली बैंककर्मियों को सम्बोधित करते हुये कहा कि बैंककर्मियों की यह लड़ाई सरकार के खिलाफ है क्योंकि सत्ता एक राजनीतिक सोच के हाथ में है जो निजीकरण की पक्षधर है। समाजवाद विरोधी है। इसलिये बैंककर्मियो को सत्तारूढ़ दल को सत्ता से बाहर होने का भय दिखाना होगा। सत्ता दल के खिलाफ जनता के बीच उतरना होगा तभी वे लड़ाई को जीत पाएंगे।आज के विरोध प्रदर्शन में युवा चेहरे के तौर पर महिला बैंककर्मी आकांक्षा गौतम व काजल ने अपने सम्बोधन में कहा कि राष्ट्रीयकृत बैंक देश के आम आदमी की बैंकिंग जरूरतों की पूर्ति करते हैं। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व वेदप्रकाश पांडे, अजय मेहरोत्रा, रवि शुक्ला, वर्षा मेहरोत्रा, अनुज सिंह, आशीष मिश्रा व मुबारक अली ने किया।
प्रदर्शनकारियों में प्रमुख रूप से अनामिका सिंह, निधि, स्वाति, दीप्ति, अंकिता, सुरभि, अभिषेक मिश्रा, यतींद्र मिश्रा, ऋषिपाल, संदीप, वरुण सिंह, एसपी सिंह, धर्मसिंह, राजन शुक्ला, अभय कनौजिया, शैलेन्द्र शर्मा, राजकिशोर यादव, कौशलेंद्र शुक्ला, बृजेन्द्र निषाद, अनुराग पाल, पवन कुमार, अमित त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
