लखवाड़ परियोजना स्थल पर 15 तक जारी रहेगा धरना 

विकासनगर। लखवाड़-व्यासी युवा श्रम संविदा सहकारी समिति से जुड़े युवा मंगलवार को भी परियोजना स्थल पर धरने पर डटे रहे। हालांकि युवाओं ने यूजेवीएनएल अधिकारियों से वार्ता के बाद निर्माण कार्य को शुरू करा दिया था। धरने पर बैठे युवाओं ने कहा कि परियोजना के अधिशासी निदेशक राजीव अग्रवाल और महाप्रबंधक सुजीत कुमार सिंह के आश्वासन के बाद निर्माण कार्य को शुरू करा दिया गया है। अधिकारियों ने 15 फरवरी तक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया है। लिहाजा निर्धारित तिथि तक सांकेतिक धरना दिया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा नियत तिथि तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं करने पर निर्माण कार्य अनिश्चितकाल के लिए बंद करा दिया जाएगा। कहा कि बांध प्रभावित युवा और उनके परिजन पूरी तरह से बेरोजगार हो चुके हैं। रोजी रोटी के लिए उन्हें परियोजना में रोजगार की सख्त जरूरत है, लेकिन परियोजना के तहत स्थाई रोजगार बाहरी लोगों को दिया जा रहा है। कहा कि 15 फरवरी से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद निर्माण स्थल पर दिया जा रहा सांकेतिक धरना समाप्त कर दिया जाएगा। धरना देने वालों में अरविंद, धीरज, सूरज, ऋतिक, अनिल, मंदीप, ऋषभ, जयदीप, कपिल, मनीष, विवेक, अजय, संदीप, रजत, अंकुश आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *