बदलते पर्यावरण पर सार्थक चर्चा-परिचर्चा की देश-विदेश के छात्रों ने
लखनऊ
सिटी मोन्टेसरी स्कूल, जॉपलिंग रोड कैम्पस एवं राजाजीपुरम (द्वितीय कैम्पस) द्वारा ऑनलाइन आयोजित पाँच दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय भूगोल ओलम्पियाड ‘जियोफेस्ट इण्टरनेशनल-2021’ का तीसरा दिन बहुत ही दिलचस्प रहा। रूस, श्रीलंका, नेपाल, आयरलैण्ड, स्विटजरलैण्ड एवं भारत के विभिन्न राज्यों के प्रतिभागी छात्रों ने बेहद दिलचस्प व रोचक प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपने ज्ञान-विज्ञान व हुनर का प्रदर्शन तो किया ही, साथ ही प्रतियोगिताओं के माध्यम से वसुधा के अलौकिक सौन्दर्य को भी दर्शाया।
‘जियो एक्सप्रेशन्स (स्टोरी टेलिंग)’ आज की सर्वाधिक आकर्षक प्रतियोगिता रही। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागी छात्रों ने स्वनिर्मित कठपुतलियों का उपयोग करते हुए एक से बढक़र एक रोचक कहानियों को जीवन्त स्वरूप प्रदान किया। ‘नेचर्स नरेटिव फ्रॉर द कल्चरल कॉलड्रान’ थीम पर आधारित इस प्रतियोगिता ने दर्शको का भूरपूर स्वस्थ मनोरंजन करने के साथ ही पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया। इस प्रतियोगिता में देश-विदेश के प्रतिभागी छात्रों का रचनात्मक कौशल, विश्वव्यापी सोच व कलात्मक प्रतिभा देखते ही बनता था। आज जियोटेस्ट प्रतियोगिता आयोजित हुई। फायरलेस कुकिंग पर आधारित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागी छात्रों ने अपने हुनर से ‘लव योर फूड – वेस्ट लेस, सेव मोर’ की अवधारणा को साकार कर दिया। इससे पहले, जियो रैप्सोडी (समूह गायन) एवं जियो एड्स (एडवर्टीजमेन्ट कम्पटीशन) में भी प्रतिभागी छात्रों ने अपने ज्ञान-विज्ञान व हुनर का जोरदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा, जियो डायलॉग (चर्चा-परिचर्चा) के अन्तर्गत देश-विदेश के छात्रों ने जलवायु परिवर्तन व बदलते पर्यावरण पर गंभीर व सार्थक चर्चा-परिचर्चा की और बताया कि वर्तमान व भावी पीढ़ी किस प्रकार का सुरक्षित वातावरण चाहते हैं व इसे सुरक्षित व अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए क्या किया जाना चाहिए।
सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि जियोफेस्ट इण्टरनेशनल-2021 के अन्तर्गत प्रतियोगिताओं का दौर कल 18 नवम्बर, शनिवार को भी जारी रहेगा। कल, जूनियर वर्ग की जियोक्विज प्रतियोगिता फाइनल राउण्ड प्रात: 10.00 बजे से, सीनियर वर्ग की जियोक्विज प्रतियोगिता फाइनल राउण्ड दोपहर 12.00 बजे से एवं जियो डिजाइन (थ्री-डी मॉडल मेकिंग) प्रतियोगिता का आयोजन अपरान्ह: 2.00 बजे से किया जायेगा। सभी प्रतियोगितायें ऑनलाइन आयोजित होंगी। श्री शर्मा ने कहा कि जियोफेस्ट इण्टरनेशनल-2021 देश-विदेश के मेधावी छात्रों को एक अन्तर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी बहुमुखी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अभूतपूर्व अवसर उपलब्ध करा रहा है।
