बाड़वाला में हित रक्षा संकल्प दिवस आयोजित
विकासनगर।
विकासनगर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बाड़वाला में हित रक्षा संकल्प दिवस आयोजित किया। कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के 142 बूथ के सभी बूथ अध्यक्ष, मतदाता मित्रों और कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के आयोजक पूर्व काबिना मंत्री नवप्रभात ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान दौर में उत्तराखंड और विकासनगर विधानसभा के सामने अनेक चुनौतियां खड़ी हुई हैं। विकासनगर विधानसभा क्षेत्र में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के समय हुए विकास कार्य जहां अवरुद्ध हुए हैं, वहीं नई योजनाओं पर भी कार्य नहीं हो पाया है। विकासनगर क्षेत्र की जनता के सामने अपने अस्तित्व, पहचान, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। युवा आज किंकर्तव्यविमूढ़ हो गया है, रोजगार के अवसर ना के बराबर हैं। क्षेत्र की विशिष्ट राजनीतिक पहचान धूमिल हो गई है। ऐसी परिस्थिति में कांग्रेसजनों को आगामी विधानसभा चुनाव में इस सूरत को बदलने के लिए पूरी समर्पण और संकल्प के साथ कार्य करना होगा। सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेश धर्माणी ने कहा कि नवप्रभात ने कांग्रेस संगठन को जो सुव्यवस्थित रूप दिया गया है वह अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आगामी विधानसभा चुनाव में क्षेत्र और उत्तराखंड अपनी राजनीतिक पहचान फिर से प्राप्त करेगा। कार्यक्रम को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सह प्रभारी एवं झारखंड विधायक दीपिका पांडे सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने महिलाओं, युवाओं और आमजन का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस निष्ठावान कार्यकर्ताओं को सदैव सम्मान देती आई है। आगामी समय में भी इन्हीं कार्यकर्ताओं की बदौलत कांग्रेस सत्ता में जोरदार वापसी करेगी। उन्होंने आगामी 16 दिसंबर को राहुल गांधी की देहरादून जनसभा में भी अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय किशोर महेंद्रू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष शम्मी प्रकाश, हरबर्टपुर नगर अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष कुंवरपाल, शशि चौहान हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
