चुनाव घोषणा पत्र के लिए कांग्रेस ने मांगे सुझाव

विकासनगर।

सहसपुर विधान सभा के सेलाकुई में कांग्रेस ने चौपाल लगाकर पूर्व सैनिकों, व्यापारियों, वाहन चालकों से चुनाव घोषणा पत्र के लिए सुझाव मांगे। साथ ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार का गठन होने पर सभी वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए नीतियां लागू करने का आश्वासन दिया। चुनाव घोषणा पत्र कमेटी के सदस्यों को ट्रक यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र से औद्योगिक इकाइयों के पलायन का असर स्थानीय लोगों के साथ ही ट्रक यूनियन से जुड़े लोगों पर भी पड़ रहा है। उत्पादन कम होने से ट्रक यूनियन का रोजगार भी घट रहा है। पहले यूनियन में चार सौ ट्रक थे, लेकिन वर्तमान में मात्र 180 ट्रक ही रह गए हैं। औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले कामगारों ने बताया कि उन्हें श्रम कानूनों के अनुरूप मानदेय नहीं मिल रहा है। सेवानिवृत्त कै. धीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि सेलाकुई और आसपास के गांवों में पूर्व सैनिकों की संख्या अधिक है, लेकिन कैंटीन और केंद्रीय विद्यालय नहीं होने से सैनिकों के परिवारों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस दौरान पूर्व सैनिकों को शॉल देकर सम्मानित किया गया। कांग्रेस नगर अध्यक्ष अमित पंवार, दीपक सिंह गहलोत, धर्मेंद्र व्यास, रोहित छगानी, अनुश्री गंगा, अरशद खान, अशोक नेगी, संजीव उपाध्याय, हरीश बिष्ट, अखिलेश गुप्ता, जसविंदर सिंह, लायक राम, जितेंद्र सिंह, अभिनव कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *