मल्टीपर्पज पार्किंग की मांग को लेकर सीएम से मिले अधिवक्ता
यमुनानगर
कोर्ट परिसर में वाहनों की पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए मल्टीपर्पज पार्किंग बनाने की मांग को लेकर जिला बार एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल प्रधान भानू प्रताप के नेतृत्व में सीएम मनोहर लाल से चंडीगढ़ में मिला। जिसमें महासचिव जसबीर बालियान, एडवोकेट दिग्विजय सिंह खुराना व एडवोकेट रणदीप सिंह शामिल रहें। इस दौरान यमुनानगर विधायक घनश्याम दास व जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने भी एडवोकेट की मांग की पैरवी की। सीएम ने वकीलों की इस समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया।
बार एसोसिएशन प्रधान भानू प्रताप सिंह चैहान ने बताया कि कोर्ट परिसर में रोजाना 1700 एडवोकेट, पांच हजार क्लाइंट, पुलिस कर्मचारी व कोर्ट कर्मचारी आते हैं। जो अपने वाहनों को कोर्ट परिसर व वकीलों के चेंबर के साथ की जगह में पार्क करते हैं। जगह कम होने की वजह से अधिकतर लोग अपने वाहनों को सेक्टर-17 रोड व कोर्ट परिसर के सामने सड़क व अनाज मंडी में पार्क करने पर मजबूर होना पड़ता है। सेक्टर 17 की ओर जहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, वहीं अनाज मंडी रोड पर सुबह व शाम को दिक्कतें होती हैं।
