खिलाड़ियों की प्रैक्टिस पर लगे ब्रेक, भविष्य पर छाया अंधेरा

रोहतक 

छोटूराम स्टेडियम में बिजली कनेक्शन कटने से रोशनी में खिलाड़ियों की प्रैक्टिस पर ब्रेक लग गए हैं। कुछ खिलाड़ियों के तो भविष्य पर भी अंधेरा छाने लगा है। इतना ही नहीं बिजली न होने पर छोटूराम स्टेडियम में महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है। अभिभावकों को डर सता रहा है कि ऐसे हालातों में यहां अगर कोई वारदात हुई तो इसका जिम्मेदार कौन होगा।
दरअसल, बिल न भरने पर बिजली निगम की ओर से तीन दिन से स्टेडियम का कनेक्शन कटा हुआ है। जिसके चलते स्टेडियम में विभिन्न खेलों के 250 से अधिक खिलाड़ी अंधेरे में प्रैक्टिस करने को मजबूर हो रहे हैं। कुछ माह बाद ही हरियाणा में खेलो इंडिया का आयोजन किया जाना है। ऐसे में बेहतर प्रैक्टिस न होने पर उनकी खेलो इंडिया की तैयारियां भी धूमिल होने लगी है। तीन दिन से सही तरह से प्रैक्टिस न होने से खिलाड़ियों के अभिभावकों में रोष बढ़ गया है। उन्होंने इस मुद्दे को जिला उपायुक्त के समक्ष उठाने की बात कही है। अभिभावकों का कहना है कि खेल विभाग के अधिकारी अगर समय पर बिजली बिल नहीं भर रहे हैं तो इसमें खिलाड़ियों का क्या कसूर है। उनकी प्रैक्टिस क्यों प्रभावित की जा रही है। उधर, बिजली निगम के मुताबिक स्टेडियम में लगाए मीटरों का दो लाख से भी अधिक के बिल का भुगतान नहीं हुआ था। भुगतान के लिए नोटिस भी दिए गए हैं। लेकिन फिर भी बिल का भुगतान न होने पर सोमवार को बिजली कनेक्शन काट दिया गया। हालांकि मामले को तूल पकड़ा देख बिजली अधिकारियों ने कनेक्शन जोड़ने का आश्वासन दिया। लेकिन वीरवार देर शाम तक भी स्टेडियम का कनेक्शन नहीं जोड़ा गया था। वहीं, खेल अधिकारियों का कहना है कि आला अधिकारियों से बजट मांगा गया है। बजट मिलने पर बिल भर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *