जल का महत्व बता विद्यार्थियों को दिया शुद्धता जांच का प्रशिक्षण

सिरसा
जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग तथा जल, स्वच्छता सहायक संगठन द्वारा खंड सिरसा के गांव फरवाईं कला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मोबलाइजर कर्मजीत कौर ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण व फील्ड टेस्टिग किट से जल की शुद्धता की जांच के तरीकों के बारे में जानकारी दी।
मोबलाइजर कर्मजीत कौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते कहा कि जल एक अनमोल प्राकृतिक संपदा है। इसको बचाए रखना हम सबका दायित्व है। पृथ्वी के पूरे क्षेत्रफल का लगभग 71 प्रतिशत हिस्सा जलमग्न है लेकिन इसमें से केवल 2.6 प्रतिशत ही जल पीने योग्य है। उन्होंने कहा कि हमें जल के संरक्षण व संचयन केसाथ-साथ जल के शुद्धिकरण पर भी ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि औद्योगीकरण के कारण आज कारखानों की संख्या में बहुत वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के तहत वर्ष 2022 तक हर घर को नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। गांवों में कोई भी घर जल से वंचित न रहे इसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा डोर टू डोर सर्वे किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को ग्रामीण जल एवं सीवरेज कमेटी के कार्यों के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *