ग्रामीणों ने लगाई अमलावा नदी में ब्लीचिंग से मछली मारने पर रोक

विकासनगर।

अमलावा नदी में ब्लीचिंग पाउडर से मछली मारने पर रोक लगाने का निर्णय स्थानीय ग्रामीणों ने लिया है। शनिवार को झड़वाला के देवी प्रांगण में पानुवा और मलेथा के ग्रामीणों की बैठक में इस पर सहमति बनी। पानुवा के ग्राम प्रधान राजेश सिंह ने बताया कि मछली मारने के लिए ब्लीचिंग, गोला बारुद का उपयोग करने से नदी की मछलियों को नुकसान हो रहा है। इससे नदी में कई किमी के दायरे में मछलियां मर रही हैं। यह सिलसिला जारी रहने से अमलावा में मछलियों का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा। इसके साथ ही मछली मारने के लिए घन का प्रयोग करने पर अन्य जलीय जंतुओं को भी नुकसान होता है। उन्होंने बताया कि अमलावा नदी क्षेत्रीय जनता के लिए पेयजल और सिंचाई सुविधा मुहैया कराने के साथ ही रोजगार के साधन भी देती है। जाल से मछली पकड़कर कई ग्रामीण अपना रोजगार चलाते हैं। ऐसे में रसायन और गोला बारूद से नदी प्रदूषित होगी, जिससे मछली का अस्तित्व समाप्त होने से ग्रामीणों का रोजगार भी समाप्त हो जाएगा। कहा कि अवैध तरीके से मछली मारने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। इस दौरान मेहर सिंह, चंदन सिंह, महेंद्र सिंह, नवीन आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *